झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत की रिपोर्ट।
झालावाड़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन भुगतान न होने के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज इसी मामले में सफाई कर्मचारियों का रोष फूट पड़ा और उन्होंने अपने कार्य का बहिष्कार कर नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की व प्रदर्शन किया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने उनका बकाया 9 माह का वेतन भुगतान तुरंत करने की मांग की है ।
गौरतलब है कि झालावाड नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों का पिछले कई महीनों का वेतन भुगतान अब तक नहीं हुआ है। जिसके चलते कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने बताया कि लंबे वक्त से उनके वेतन का भुगतान नहीं होने के चलते जहां रोजमर्रा के घरेलू खर्च को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो वहीं आगामी दिनों में आने वाले त्योहारों पर भी उनके परिवार में खर्च को लेकर चिंताएं हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर परिषद प्रशासन को वेतन भुगतान के लिए मांग की, लेकिन अब तक उन्हें सिवा आश्वासन के और कुछ नहीं मिल पाया। ऐसे में अब उन्हें आंदोलन पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने बताया कि यदि जल्द ही उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो शहर की पूरी सफाई व्यवस्था को ठप्प कर दिया जाएगा ।

0 टिप्पणियाँ