जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा में गड़बड़झाला के मामले सामने आने के बाद अब सरकार सख्त एक्शन के मोड पर आ गई है। सरकार ने पहला सख्त कदम उठाते हुए सवाई माधोपुर जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक सरकार के तमाम कड़े इंतजामों को धता बताते हुए शातिर बदमाशों ने रीट की पहली पारी का पेपर शुरू होने से पहले ही पर्चा सोशल मीडिया पर आउट कर दिया था। यह पर्चा पेपर शुरू होने से करीब डेढ़ घंटे पहले एक कांस्टेबल के पास वाट्सएप से पहुंचा। जिसकी पत्नी भी परीक्षा दे रही थी। बदहाल अभी तक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पेपर आउट नहीं माना है। लेकिन पर्चा सोशल मीडिया पर लीक होने के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी कांस्टेबल सहित इस गिरोह से जुड़े कुछ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सवाई माधोपुर शिक्षा अधिकारी का निलंबन इस बात की तस्दीक करता है कि पर्चा लीक करवाने वाले गिरोह की सांठ गांठ विभाग के भीतर भी थी। शिक्षा मंत्री डोटासरा ने ट्वीट कर बताया कि रीट परीक्षा में नकल गिरोह पर पहला एक्शन लेते हुए सवाई माधोपुर जिला शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा को निलंबित कर दिया गया है।अब आगे पुलिस जांच रिपोर्ट में दोष सिद्ध होने पर इनकी सरकारी सेवा से बर्खास्तगी होगी। बता दें, कि रीट से पहले सरकार ने एलान किया था कि नकल या पेपर आउट के मामले में लिप्त पाए जाने पर सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जाएगा।