प्रतापगढ़ से चंचल सनाढ्य।

प्रतापगढ़ जिले के दलोट कस्बे में चोरों ने एक निजी कंपनी के एटीएम से 4 लाख 13 हजार रुपए की नकदी उड़ा ली। चोर अपने साथ गैस कटर और सिलेंडर भी लेकर आए थे। वारदात के बाद चोर गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। एटीएम की सुरक्षा के लिए कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। फिलहाल सालमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। सालमगढ़ थाना प्रभारी मोहर सिंह ने बताया कि दलोट कस्बे में जैन मंदिर के सामने प्रदीप जैन ने निजी कंपनी हिटाची का एटीएम लगा रखा है। जिस जगह पर एटीएम लगा हुआ है। उसके आसपास पूरा आबादी क्षेत्र है और ऊपर भी मकान बना हुआ है। रात को किसी को भी इस वारदात की भनक नहीं लगी। सुबह मकान में रहने वाले लोगों ने एटीएम खुला हुआ और बाहर गैस सिलेंडर पडा देखा तो एटीएम संचालक प्रदीप जैन और सालमगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो सामने आया कि शटर पर ताले सही सलामत है, चोरों ने बड़ी सफाई के साथ शटर की पत्तियां काट कर अंदर प्रवेश किया और गैस कटर से एटीएम को काटकर उसमें रखे 4 लाख 13 हजार 600 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर मौके पर वारदात में काम में लिया गया सिलेंडर छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जिस तरह इस वारदात को अंजाम दिया गया उसके पीछे शातिर चोर गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।