उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर रेंज के आईजी हिंगलाजदान ने मंगलवार को राजसमंद जिले के खमनोर थाने का निरीक्षण किया। इस मौके पर हिंगलाजदान ने खमनोर थाने के थानाधिकारी को जुडवा भाईयों की हत्या के मामले में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। दरअसल राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र में 7 साल के जुड़वा भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया था और इस मामले में जुडवा भाइयों की चाची को गिरफ्तार किया था। चाची ने खुद के बच्चों को संपत्ति दिलाने के लालच में 2 मासूमों को मौत के घाट उतार दिया था। जेठानी चांदनी बाई ने अंचनी के एक बेटे को गोद लिया था। शादी के सात साल बाद जेठानी का खुद का बच्चा हुआ तो उसने उसके बच्चे को वापस लौटा दिया। इसके बाद जेठानी से आए दिन झगड़ा होता था। अपने बच्चे को पूरी संपत्ति का हकदार बनाने के लिए जेठानी के जुड़वा बच्चों को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई और कुछ दिखाने के बहाने अपने साथ ले गई और कुंए में धक्का दे दिया। पुलिस को बच्चों की हत्या के बाद चाची अंचनी देवी पर शक हुआ और उसके हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होने जुडवा भाईयों की हत्या करना कबूल किया।

आईजी ने दिये आवश्यक दिशा निर्देश

आईजी हिंगलाजदान ने खमनोर थानाधिकारी को मौके पर निर्देश दिये कि वह इस मामले में तुरंत चालान पेश करे। बता दे कि जुडवा भाइयों की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी थी जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद दोनों जुडवा भाइयों का अंतिम संस्कार हो सका।