सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।

सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर उपखंड मुख्यालय के जलेबी चौक मैदान में किसान और मजदूरों की समस्याओं को लेकर बुधवार को विशाल किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत को सवाई माधोपुर सहित अन्य जिलों से आए वक्ताओं ने संबोधित किया। महापंचायत के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने सवाई माधोपुर, टोंक,दौसा और करौली जिले से पहुंचे सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार और कथित बजरी ठेकेदार के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार के ढुलमुल रवैया की वजह से कथित बजरी ठेकेदार का बनास नदी क्षेत्र में आतंक बना हुआ है।

क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध नाके लगाकर ठेकेदार के कर्मचारियों के द्वारा चौथ वसूली कर किसानों को नाजायज परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कथित ठेकेदार की गुंडागर्दी को क्षेत्र में किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापंचायत समापन के बाद राज्यसभा सांसद डॉ करोड़ीलाल मीणा वाहनों के काफिले के साथ सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए रवाना हुए। इधर महापंचायत के दौरान एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट योगेश कुमार डागुर,तहसीलदार किशन मुरारी मीणा,सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में दो पुलिस उपाधीक्षक मलारना डूंगर,बाटोदा, गंगापुर और बामनवास पुलिस के साथ आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया।