जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के अशोक नगर थाना इलाके में कार पार्किंग के विवाद को लेकर एक सरपंच के साथ बाइक सवार 3 युवकों द्वारा मारपीट करने और कार का कांच तोड़ने की घटना सामने आई है। इस संबंध में ओसियां के मंडीखुर्द ग्राम पंचायत के सरपंच गंगाराम ने अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।सरपंच ने पुलिस मे शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ अशोक नगर थाना इलाके में स्थित अहिंसा सर्किल के पास किसी काम से अपनी क्रेटा गाड़ी में सवार होकर आए थे। उन्होंने एक बिल्डिंग के बाहर अपनी गाड़ी पार्क की, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां आए और गाड़ी पार्किंग को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब सरपंच व उनकी पत्नी ने युवकों का विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया और नौबत मारपीट तक जा पहुंची। बाइक सवार तीनों युवकों ने सरपंच गंगाराम के साथ मारपीट की और कार का पिछला कांच भी तोड़ दिया। इस दौरान भीड़ को आता देख बाइक सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित सरपंच गंगाराम ने बाइक सवार तीनों युवकों पर कार का कांच तोड़कर कार में रखा 2 लाख रुपये से भरा बैग ले जाने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच करना शुरू कर दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम कर रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम मंगलवार देर शाम का है और पूरे घटनाक्रम को लेकर सरपंच गंगाराम ने देर रात अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।पीड़ित सरपंच गंगाराम पूर्व मंत्री भैराराम सियोल के भतीजे बताए जा रहे हैं। फिलहाल, प्रकरण में पुलिस की जांच जारी है।


0 टिप्पणियाँ