उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।
उदयपुर के घंटाघर थाना इलाके में हवालात की ताड़ियां तोड़कर एक आरोपी बीती रात फिल्मी स्टाइल में थाने से फरार हो गया। रात करीब 1 बजे आरोपी ने हवालात की दो सलाखों को एक सिरे से तोड़कर मोड़ दिया। इसके बाद मौका पाकर आरोपी हवालात से भाग गया। आरोपी को पकड़ने के लिए देर रात से ही पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कराई मगर आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने 2 दिन पहले कुवैत की करेंसी बदलने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में एक महिला के साथ इस आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस मामले में प्राथमिक तौर पर संतरी की लापरवाही भी सामने आई है। शहर के पहाड़ा क्षेत्र से फर्जी दिरहम देकर धोखाधड़ी करने के मामले में घंटाघर थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी और एक महिला को गिरफ्तार किया था। तेलांगना निवासी बाशा खान नाम के इस आरोपी को एक मोबाइल दुकान के संचालक को फर्जी दिरहम पकड़ा दिए थे। आरोपी 2 दिन से पुलिस की कस्टडी में था। शनिवार देर रात आरोपी ने घंटाघर थाने के हवालात की दो ताड़ियों को तोड़ा और फरार हो गया। लोहे की ताड़ियों में जंग लगे होने से उसके कौने से पहले से खस्ताहाल थे। हवालात से भागने के काफी देर बाद भी संतरी को भी इसकी भनक नहीं लगी। पुलिस ने इस मामले में संतरी की लापरवाही को माना है। थाने के हवालात से आरोपी के भागे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। देर रात डीएसपी महेंद्र पारीक और थाना अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने आरोपी को पकड़ने के लिए शहर में नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने आरोपी के फोटो जारी कर पकड़ने की कोशिश की मगर आरोपी का कुछ पता नहीं चला। सिटी एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।


0 टिप्पणियाँ