चितौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।

चित्तौड़गढ़ में तालाब में डूबने से रविवार को पांच बच्चों की मौत हो गई। सभी बच्चे मंगलवाड़ कस्बे के रहने वाले थे। बच्चे तालाब में नहाने गए थे। बच्चों की डूबने की सूचना पर उदयपुर संभाग के आईजी हिंगलाज दान चारण भी मौके पर पहुंचे।मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बच्चों की मौत पर दुख जताया है।

बता दे, चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ कस्बे में दर्दनाक घटना घटी। कस्बे से सटे तालाब में रविवार को नहाने गए बच्चे पानी की गहराइयों में समा गए. 5 बच्चों की डूबने मौत हो गई।इस घटना के बाद पूरे मंगलवाड़ कस्बे में कोहराम मच गया। एक साथ 5 परिवारों के चिराग बुझने से इलाके में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने मासूमों को पानी से निकवाकर मंगलवाड़ चिकित्सालय पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवाड़ कस्बे के तालाब में पानी की अच्छी आवक हुई थी। ऐसे में कई लोग यहां नहाने और घूमने आ रहे थे। रविवार को तालाब पर कस्बे के 7 बच्चे नहाने गए थे। इनमें से 5 बच्चे तालाब के पानी में उतर गए। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पानी की गहराई का अनुमान नहीं हुआ, एक-एक कर सभी बच्चे गहरे पानी में डूब गए। बच्चों को डूबता देख तालाब किनारे खड़े उनके साथी 2 बच्चे भागकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी।  इस पर परिजन और कस्बेवासी तालाब पर पहुंच गए। लेकिन वे कुछ कर पाते इससे पहले ही पांचों बच्चे डूब चुके थे। ग्रामीणों ने पानी से बच्चों को बाहर निकाला और मंगलवाड़ चिकित्सालय पहुंचाया।हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी सादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल, चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मतसिंह देवल, बड़ी सादड़ी डिप्टी आशीष कुमार, मंगलवाड़ थानाधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस मामले की जांच मे जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ क्षेत्र में स्थित तालाब में डूबने से 5 बच्चों की मृत्यु बेहद हृदयविदारक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं बच्चों के माता-पिता एवं परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस अत्यंत कठिन समय में सम्बल प्रदान करें।