जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत में भारी भीड़ जुटने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधा है।उन्होंने कहा कि महापंचायत में भीड़ और राजस्थान पंचायत चुनाव का रिजल्ट बता रहा है कि किसान बीजेपी से त्रस्त है।

बता दे, मुजफ्फरनगर में केंद्रीय कृषि कानून के खिलाफ किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान जुटे हैं। महापंचायत में जुटी भीड़ को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। सीएम गहलोत ने कहा है कि किसान महापंचायत में उमड़ी किसानों की भीड़ और राजस्थान में आए पंचायती राज चुनाव के परिणाम इस बात को दर्शाते है कि देश का किसान भाजपा से त्रस्त है। गहलोत ने ट्वीट करते हुए यह बात लिखी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा कि राजस्थान में आए पंचायतीराज के नतीजों से साफ हो गया है कि किसानों में भाजपा के खिलाफ भारी नाराजगी है। वो भाजपा को सबक सिखाने के मूड में हैं। सीएम ने कहा कि पहले 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का झूठा वादा दिया। अब किसानों को विश्वास में लिए बिना किसान विरोधी कृषि कानून थोपकर खेती को बड़े व्यापारियों के हवाले करने के प्रयास को किसान पूरी तरह पहचान चुके हैं। NDA सरकार की किसानों के प्रति सोच जगजाहिर है।समय आने पर देश के किसान भाजपा को सबक सिखाने में पीछे नहीं रहेंगे।