उदयपुर से भगवान प्रजापत
उदयपुर नगर निगम के काइन हाउस में गायें बढ़ गई हैं। शहर से नगर निगम जिन गायों को पकड़ता है उसे छुड़ाने के लिए 5500 रुपए जुर्माना देना पड़ता है। भारी जुर्माने के चलते लोग गायों को छुड़वाते नहीं हैं और इससे काइन हाउस में भारी मात्रा में गायें इकठ्ठी हो जाती हैं। ऐसे में अब नगर निगम राज्य सरकार से जुर्माने की राशि कम करवाएगा। बुधवार को नगर निगम की गौशाला प्रबंधन और जल वितरण समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में यह तय हुआ कि राज्य सरकार को बताया जाए कि जुर्माने की राशि को कम किया जाए। फिलहाल जुर्माना राशि 5500 है, मगर इसे कम कर 2500 करने का प्रस्ताव अब भेजा जाएगा। नगर निगम उदयपुर अब जानवरों के लिए एम्बुलेंस खरीदेगा। बीमार या चोटिल हो जाने पर जानवरों के लिए फिलहाल एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में निगम अब यह एम्बुलेंस खरीदने जा रहा। नगर निगम की समिति अध्यक्ष भंवर सिंह देवड़ा ने बताया कि एम्बुलेंस के साथ-साथ यहां जानवरों के डॉक्टर की व्यवस्था भी होगी। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। यह भी तय हुआ कि काइन हाउस में गायों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ताकी मोबाइल पर गायों की गतिविधि को हर समय देखा जा सके। साथ ही यह निर्णय भी हुआ कि संख्या से ज्यादा गाय होने पर उनको ट्रस्ट को दे दिया जाएगा। इन गायों को उदयपुर के आसपास क्षेत्र के रजिस्टर मंदिर के पुजारियों को दिया जाएगा। ये गायें उन्हें निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी जो गाय रखने में सक्षम हैं।


0 टिप्पणियाँ