जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

आज यानि की 29 सितम्बर, को दुनिया दिल को समर्पित करती है। यानी वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जाता है।इसी मौके पर जयपुर के कार्डियोलॉजिस्ट ने साइकिल रैली निकालकर आम जनता को फिट रहने का संदेश दिया। स्वास्थ्य मंत्री भी फिटनेस रैली का हिस्सा बने। उन्होंने हार्ट की अहमियत पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान बड़ी संख्या में हृदय रोग विशेषज्ञ, जयपुर मेडिकल एसोसिएशन परिसर से रवाना हुए और जेडीए सर्किल गांधी सर्किल होते हुए जवाहर सर्किल पहुंचे। जहां से भी गुजरे वहां इन चिकित्सकों ने सेहतमंद दिल को लेकर अहम संदेश दिया। कार्डियोलॉजिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से साइकिल रैली  का आयोजन किया गया। इसमे कई हार्ट स्पेशलिस्ट्स शामिल हुए। साइकिल रैली के समापन पर चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने वर्तमान समय में सेहतमंद हार्ट की आवश्यकता पर जोर दिया। चिकित्सक कम्यूनिटी का आभार जताया जिन्होंने लोगों को सेहतयाब रखने का गुर अपना पसीना बहा कर सिखाया। मंत्री रघु शर्मा ने कहा कि यदि आप आज स्वस्थ रहना चाहते हैं तो आपके अपने हार्ट को भी स्वस्थ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से पता चलता है कि दुनिया में 17. 9 मिलियन लोगों की मौत हार्ट संबंधी बीमारी से होती है। शर्मा ने लाइफ स्टाइल को बेहतर करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि आजकल लोगों की लाइफ स्टाइल ऐसी हो गई है कि लोग वर्कआउट नहीं करते, अपनी सेहत का ध्यान नहीं रखते, नशा करते हैं इसलिए अधिकतर लोगों की मौत हार्ट अटैक से हो रही है। इसे लेकर अगर लोग जागरूक होंगे तो वह अपनी सेहत का ध्यान रखेंगे और उनका हार्ट भी स्वस्थ रहेगा। बता दें कि हर साल 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जाता है। उद्देश्य- लोगों को हृदय रोगों और हृदय की देखभाल को लेकर जागरूक करने का है। एक आंकड़ों के अनुसार विश्व मे सबसे अधिक मौतें कोर्डियोवशुलेसर समस्यायों के कारण ही हो रही है और कोरोना काल में इसमें इजाफा ही हुआ है।पोस्ट कोविड मरीजों में हार्ट से संबंधित समस्याएं ज्यादा देखी जा रही हैं। ऐसे में चिकित्सकों का कहना है कि जीवनशैली में थोड़ा से बदलाव दिल को सेहतयाब कर सकता है।