जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की लीडरशिप में राजस्थान कांग्रेस को आखिरकार 65 सालों बाद जयपुर में अपना नया ठिकाना मिल गया है। एक लंबे समय से पीसीसी के नए दफ्तर की मांग की जा रही थी। वहीं, अब जयपुर में कांग्रेस का नया दफ्तर तैयार हो रहा है। SMS अस्पताल मार्ग के 7 नंबर बंगले में कांग्रेस का नया दफ्तर शिफ्ट होगा। 1956 से लेकर अभी तक चांदपोल में ही पीसीसी का दफ्तर इंदिरा गांधी भवन में संचालित हो रहा था।नए भवन के लिए मरम्मत कार्य की तैयारी की जा रही है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने इसके लिए 60 लाख का टेंडर जारी किया है। मरम्मत के बाद दफ्तर पीसीसी को हैंड ओवर किया जाएगा और अगले महीने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर को इस भवन में शिफ्ट करने की पूरी संभावना है। अस्पताल मार्ग पर 7 नंबर के इस बंगले में कांग्रेस पार्टी के अलावा यूथ कांग्रेस सेवा दल और एनएसयूआई का दफ्तर भी संचालित होगा। इस नए भवन में पार्टी पदाधिकारियों के बैठने के लिए पर्याप्त कमरों के अलावा बड़ा हॉल पार्किंग व्यवस्था और कांग्रेस पार्टी की सभाओं मीटिंग के लिए भी पर्याप्त स्थान है। चांदपोल दफ्तर की बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी है। दफ्तर में बैठने के लिए पीसीसी के पदाधिकारियों के पास पर्याप्त स्थान नहीं है और पार्किंग की समस्या को लेकर आए दिन पार्टी के नेता पदाधिकारी परेशान होते हैं।कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में हुए भागीरथी प्रयासों और एआईसीसी की सक्रियता के चलते राजस्थान कांग्रेस को उसका नया दफ्तर मिल पाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मंशा है कि इस नए दफ्तर को पूरी तरीके से हाईटेक बनाया जाए ताकि मिशन 2021 के लिए कांग्रेस पार्टी के पास पर्याप्त संसाधन हो।


0 टिप्पणियाँ