जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर जिला परिषद में मंगलवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव हुए। इन चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी मोहन डागर को 51 में से 26 वोट मिले। डागर ने भाजपा प्रत्याशी राज कंवर को 1 वोट से शिकस्त दी। इस चुनाव में भाजपा की तरफ क्रॉस वोटिंग की गई। पंचायत चुनाव में जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस को 27 सीट हासिल हुई थी, जबकि भाजपा को 24 सीटें मिली थी। सोमवार को जिला प्रमुख के मतदान के दौरान कांग्रेस के 2 सदस्य जिला प्रमुख रमादेवी और किंग मेकर बने जैकी टाटीवाल भाजपा में शामिल हो गए। इसका नतीजा यह रहा कि जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सरोज देवी शर्मा को मुंह की खानी पड़ी और कांग्रेस एक वोट से हार गई। कांग्रेस के 2 सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा की रमादेवी 1 वोट से जिला प्रमुख बनी थी। लेकिन मंगलवार को हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने उसी हार का बदला ले लिया। भाजपा की तरफ से उप जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग की गई। उप जिला प्रमुख के पद पर कांग्रेस के मोहन डागर एक वोट से जीत गए। मोहन डागर जब सुबह नामांकन दाखिल करने आए तो वे अपने जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। चर्चा यह भी रही कि जिस तरह से जिला प्रमुख के चुनाव में जैकी टाटीवाल ने भाजपा के समर्थन में वोट दिया, वैसे ही जैकी के वोट से ही मोहन डागर ने जीत हासिल की है। जीत के बाद कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा ने मोहन डागर को जीत का प्रमाण पत्र दिया। मीडिया से मुताबिक होते हुए मोहन डागर ने सभी लोगों को धन्यवाद दिया। और कहा कि जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बहुमत होने के बाद भी वे जिला प्रमुख नहीं बना पाए। उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी से जयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करवाएंगे। राजनीति से ऊपर उठकर सबको साथ लेकर काम करेंगे। वे जरूरतमंदों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाएंगे।साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे।


0 टिप्पणियाँ