उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर के साइफन चौराहे पर करीब 1 महीने पहले मोबाइल दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए सभी 50 मोबाइल, 1 एलईडी टीवी सहित रिपेयरिंग मशीन और स्मार्ट कैमरे भी बरामद किए हैं। थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में अंबामाता पुलिस ने वारदात का खुलासा किया है। दरअसल 4 अगस्त की रात्रि में तीनों बदमाशों ने साइफन चौराहे की भगवतीलाल की महादेव मोबाइल शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसपी राजीव पचार के निर्देश पर एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और डीएसपी महेंद्र पारीक ने टीम का गठन किया। टीम पिछले कई दिनों से इलाके के एक दर्जन संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही थी। पुलिस ने पानरवा क्षेत्र के रहने वाले खातूलाल उर्फ अर्जुन और राजेश उर्फ राजू भील को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। वारदात के बाद एक आरोपी अपने गांव जाकर छिप गया था। थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि आरोपी इसी इलाके में किराए के घर से रह रहे थे तभी उन्होंने पहली बार रैकी कर चोरी की प्लानिंग की। पुलिस ने नाबालिग सहित तीनो आरोपियों को पकड़कर उनकी निशानदेही पर चोरी के 50 मोबाइल, एक एलईडी टीवी, 90 टफन ग्लास एक की-बोर्ड, 4 ईयर फोन 5 मोबाइल चार्जर दो स्मार्ट कैमरे और मोबाइल रिपेयर करने की एक मशीन को बरामद कर लिया है।