जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का मंगलवार को यानि की आज जन्मदिन है। पायलट आज अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं।इस दौरान आज कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, सचिन पायलट के आवास के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि सचिन पायलट अपने समर्थकों से मिलेंगे। इधर समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए पायलट के सरकारी निवास के बाहर दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाई गई है। पायलट ने आज सुबह अपने जन्मदिन पर खोले के हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना भी की। दरअसल राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट खेमा रेगिस्तानी राज्य में उनके जन्मदिन के अवसर पर कुल 10 लाख पौधे लगाकर अपनी ताकत दिखाने में जुटा है।

इसी बीच बारां जिले में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि सीएम अशोक गहलोत खेमे के कई दिग्गज पायलट को जन्मदिन की बधाई देते हुए दिखाई दे रहे हैं। इनमें मंत्री प्रमोद जैन भाया, विधायक पनचंद मेघवाल, निर्मला सहरिया समेत अन्य शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि जिले में यह पोस्टर किसने लगाया। पायलट का जन्मदिन ताकत के बड़े प्रदर्शन के रूप में मनाया जा रहा है, क्योंकि उनके समर्थकों ने इस बार दो दिन पौधे लगाने की घोषणा की है। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार यानी आज राज्य में 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पायलट का जन्मदिन मनाने के लिए मंगलवार को रक्तदान सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इधर सचिन पायलट के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।