धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट।

धौलपुर जिले भर में विगत 2 दिनों से रुक रुक हो रही बारिश से जल संसाधन विभाग ने पार्वती बांध के दो गेट खोल कर 2233 क्यूसेक पानी रिलीज किया है। जिले सहित केचमेंट एरिया में पानी की आवक लगातार हो रही है। डांग क्षेत्र में हो रही बारिश का पानी पार्वती बांध में प्रवेश करता है। अगर करौली और सरमथुरा के डांग इलाके में बारिश का दौर जारी रहा तो बांध के और भी गेट खोल कर पानी रिलीज किया जा सकता है। बांध के गेट को मेंटेन करने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा पानी रिलीज किया जा रहा है। उधर बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक अधिक होने पर जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर हो गया है। अगर पार्वती बांध के और अधिक गेट खोले गए तो पार्वती नदी उफान पर आ जायेगी। जिससे सैपऊ और बसेड़ी के कई गांव फिर से बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। साथ ही दो दर्जन से अधिक गांव के संपर्क कट सकते हैं।जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता होतीलाल मीणा ने बताया कि पार्वती आंगई बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक लगातार हो रही है। करौली जिले के मंडरायल और सरमथुरा क्षेत्र के डांग इलाके का पानी पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में प्रवेश करता है। बांध की भराव क्षमता 223.41 मीटर है।बांध भराव क्षमता के नजदीक पहुंचने पर पानी रिलीज किया है। अगर पानी की आवक लगातार जारी रही तो और अधिक गेट खोले जा सकते हैं। जिसे लेकर सिंचाई विभाग की टीम बांध पर तैनात की गई है।