उदयपुर से भगवान प्रजापत
उदयपुर की सहेलियों की बाड़ी रोड पर दो दिन पूर्व यातायात कांस्टेबल को रौंदने का प्रयास करने वाले कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अंबामाता थाना पुलिस ने आरोपी को सुखेर क्षेत्र से पकड़ा है, जो कांस्टेबल को टक्कर मारने के बाद से गोगुंदा सहित कई इलाको में भागता फिर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार भी बरामद की है। अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने बताया कि रविवार शाम को फतेहपुरा चौकी के पास सहेलियों की बाड़ी रोड पर कार पर काले शीशे देखकर ट्राफिक कांस्टेबल सत्यवीर ने उसे रूकवाना चाहा। मगर कार चालक ने रोकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी। इस पर कांस्टेबल सत्यवीर ने कूदकर बोनट को पकड़ने की कोशिश की। इसके बावजूद चालक ने कार करीब 500 मीटर दूर बोनट पर रखते हुए गाड़ी को भगाया। हालांकि बाद में सत्यवीर ने आगे रफ्तार कम होने पर कूदकर अपनी जान बचाई। थानाधिकारी राठौड़ ने बताया कि रिपोर्ट के बाद गाड़ी नंबर के आधार पर पाली के राजेन्द्रनगर हाल साइफन, उदयपुर निवासी जेठापुरी गोस्वामी की तलाश की गई। पुलिस ने आरोपी जेठापुरी उर्फ जीतू को सुखेर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी दो दिनों से पुलिस के ड़र से गोगुंदा क्षेत्र में छिपता रहा। जैसे वह मंगलवार को उदयपुर पहुंचा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि कांस्टेबल को टक्कर मारने दौरान कार में वह अकेला ही था। काले शीशे और पाली नंबर की गाड़ी देखकर जब पुलिसकर्मी ने कार रोकने का इशारा किया तो वो चालान के ड़र से बचकर तेजी से भागना चाह रहा था।कांस्टेबल के बोनट पर लटकने से वह घबरा कर गाड़ी को भगाता रहा। जीतू के खिलाफ पीटा एक्ट और मारपीट के पहले से मुकदमें दर्ज है।


0 टिप्पणियाँ