उदयपुर से भगवान प्रजापत
उदयपुर जिले के मावली क्षेत्र में जर्जर हो चुकी पानी की टंकी को ध्वस्त किया गया। जलदाय विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को हटाकर पहले टंकी के पिलर को तोड़ा गया। इसके बाद ब्लास्ट कर टंकी को गिराया गया। इस दौरान बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद रहे। महज 5 सेकेंड में विशाल टंकी मलबे में तब्दील हो गई। मावली के ईटाली गांव में पिछले दो वर्षाे से 5 लाख लीटर की टंकी पूरी तरह जर्जर अवस्था में थी। कई बार प्लास्टर गिरने के बाद पंचायत ने इस तोड़ने का निर्णय लिया था।
ईटाली सरपंच अनु मेनारिया ने बताया कि राहगीरों और पास के घरों पर मलबा गिरने का खतरा था। जलदाय विभाग के विशेषज्ञों को दिखाने के बाद टंकी के पिलर्स को तोड़कर ब्लास्ट का निर्णय हुआ। टंकी ध्वस्त होने की सूचना पर बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने पहले पिलर को तोड़ा। इसके बाद दो ब्लास्ट किए गए। ब्लास्ट के बाद 5 सेकेंड में मलबा गिर गया। ग्राम पंचायत की ओर से आगामी दिनों में इसी स्थान पर नई टंकी का निर्माण प्रस्तावित है। ग्रामीणों की मानें तो 1980 में यह टंकी बनाई गई थी। इसके बाद से पूरे गांव सहित आस-पास के इलाकों में इसी से पेयजल सप्लाई हो रही थी। दो वर्ष से टंकी जर्जर हो चुकी थी और बार-बार प्लास्टर गिर रहा था। फिलहाल पंचायत की ओर से पेयजल सप्लाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं।



0 टिप्पणियाँ