ब्यूरो रिपोर्ट

राजस्थान में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है।मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के 4 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

दरअसल मानसून की दस्तक एक बार फिर से शुरू होने के बाद भी पश्चिमी राजस्थान के लोग गर्मी से परेशान हैं। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों का तापमान 41 डि्ग्री के पार पहुंच गया है. इधर पूर्वी राजस्थान में बारिश होने से हवा में ठंडक घुली हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग ने आज भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही मौसम विभाग ने अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में उदयपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर और जोधपुर संभागों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।जयपुर में बादल छाए रहने की संभावना है।मौसम विभाग के मुताबिक उड़ीसा, झारखंड और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना कम दबाव का सिस्टम कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र में परिवर्तित हो चुका है। आगामी 48 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर जिलों में एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है लेकिन पश्चिमी राजस्थान सूखा ही रहेगा।