उदयपुर से भगवान प्रजापत
एमपीयूएटी के कुलपति एनएस राठाैड़ के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनसे जुड़े देशभर के 150 कुलपति, प्राेफेसर और कृषि वैज्ञानिकाें रुपए की मांग करने का मामला सामने आया है। फर्जी आईडी के बनने के बाद सभी जगहाें से कुलपति एनएस राठाैड़ के पास फाेन आने लगे। गनीमत रही कि किसी ने भी ठग काे राशि ट्रांसफर नहीं की। वीसी ने इस मामले में एसपी डाॅ. राजीव पचार को रिपोर्ट दी। वीसी ने बताया कि मेरे छात्र रहे जाेबनेर कृषि विवि के प्राेफेसर का साेमवार शाम काे फाेन आया। उन्हाेंने पैसे मांगने का कारण पूछा तो मैं चाैंक गया। फिर रात काे 12-1 बजे तक केरल, असम सहित अन्य राज्याें से कुलपति-प्रोफेसर के फोन आते रहे। सभी ने जागरूकता दिखाते हुए मुझे कॉल कर लिया, इससे कई लोग ठगी का शिकार होने से बच गए। साइबर एक्सपर्ट श्याम चंदेल का कहना है कि ऐसी ठगी से बचने के लिए अपनी प्रोफाइल को लॉक रखें। बदमाश ने वीसी राठाैड़ की वास्तविक आईडी पर जाे फाेटाे और प्रोफाइल थी उसे ही कॉपी करके नई आईडी बना ली। फिर जाे भी राठाैड़ की वास्तविक आईडी में फ्रेंड थे उन सभी काे रिक्वेस्ट भेज दी। प्रोफाइल देखकर सभी ने रिक्वेस्ट काे स्वीकार कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने अंग्रेजी में एक मैसेज भेजकर पैसों की जरूरत बताई। गूगल-पे नंबर भी भेजे थे।


0 टिप्पणियाँ