उदयपुर से भगवान प्रजापत

उदयपुर की घंटाघर थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक नाबलिग सहित तीन लोगों को हवाला की नकदी के साथ पकड़ा है। पुलिस ने हवाला की राशि को गुजरात ले जाते हुए युवकों के कब्जें से एक करोड़ 48 लाख पचास हजार रूपए बरामद किए है। थानाधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि अलसुबह पुलिस​कर्मियों ने गश्त के दौरान मोचीवाड़ा क्षेत्र में गुजरात नंबर की एक संदिग्ध कार को देखा। पुलिस ने कार के पास जाकर अंदर बैठे युवकों से पुछताछ की तो वो गोलमोल जवाब देकर टालते रहे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार की पीछे की सीट के नीचे से नोटों के कई बंडल निकले। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पुछताछ की तो आरोपियों ने की इस रकम को धानमंडी के ब्रांच कार्यालय से गुजरात ले जाना बताया। चौहान ने बताया कार में सीट के नीचे बने एक खंड़ में अलग-अलग नोटो के 10 पैकेट थे।


पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक नोटो की गिनती करवाई तो यह एक करोड़ 48 लाख पचास के नोट निकले। बरामद किये गए ज्यादातर नोट 500-500 के है। पुलिस ने गुजरात नंबर की एक कार को भी बरामद किया है। पुलिस ने सिरोही जिले के कालंदरी क्षेत्र के रहने वाले प्रतापराम प्रजापत और शंकर लाल को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी को ​डिटेन किया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गुजरात के अहमदाबाद में एक हवाला कारोबारी के ऑफिस में काम करते है। जो उदयपुर सहित कई जिलों से हवाला की रकम को इधर-उधर ले जाने का काम करते है। मंगलवार देर रात को वे उदयपुर के धानमंडी क्षेत्र में ब्रांच ऑफिस से हवाला की रकम लेने आए। इस रकम को लेकर आरोपी आज अहमदाबाद जाने वाले थे। आरोपियों से पुछताछ कर हवाला का धन देने वाले स्थानीय एजेंट के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।