उदयपुर से भगवान प्रजापत

उदयपुर किसान सम्मेलन में शामिल होने उदयपुर आए जिला प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने किसानों से बात करते हुए भाजपा पर जमकर बरसे। भाजपा और नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए खाचरियावास ने कांग्रेस की योजनाओं की तारीफ की। इस दौरान खाचरियावास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दाढ़ी वाले बाबा तक कह डाला। उदयपुर से 45 किमी दूर मेनार में हुए सम्मेलन में खाचरियावास ने देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगी कीमतों पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समय पर क्रूड ऑयल महंगा था। मगर पेट्रोल-डीजल सस्ता था, क्योंकि सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह अंबानी और अडानी की चिंता नहीं करते थे। खाचरियावास ने कहा कि मोदीजी को तो सेठों की चिंता है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समय रिलायंस के पंख बंद हो गए थे। अब वापस खुल गए हैं, क्योंकि सरदार बोलता नहीं था। जनता के लिए काम करता था। खाचरियावास ने मारवाड़ी में प्रधानमंत्री को सम्बोधित करते हुए कहा, ओ काको ढाडी वालो बोले ही बोले, काम एक ही कोनी करे। खाचरियावास यहां भी नहीं रुके। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए कहा, ये सिर्फ बोलता ही बोलता है। कितनी देर सुनें। काम की बात तो करो बाबाजी। दाढ़ी बढ़ाने से देश नहीं चलता। काम करने से देश चलता है। सम्मेलन में खाचरियावास नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया पर भी जमकर बरसे। खाचरियावास ने कहा कि कटारिया ने भाषण में कहा था कि भाजपा नहीं होती तो राम समुद्र में होते। कटारिया घमंड मत करो, राम नहीं होते तो पता नहीं चलता कहां गए भाजपा के लोग। राम से बड़े आप नहीं हो। हमारे राम को कोई चुनौती दे दे, ऐसे भाजपा वालों का हम इलाज करना जानते हैं। महाराणा प्रताप से भी भाजपा वाले खुद को बड़ा समझते हैं।