उदयपुर से भगवान प्रजापत

उदयपुर के बेकरिया क्षेत्र में एक डॉक्टर पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। डॉक्टर पर अस्पताल में चेकअप कराने आई एक 45 वर्षीय गर्भवती महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। पीड़ित महिला की लिखित रिपोर्ट पर बेकरिया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मालवा का चौराहा के सेमलाथला क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि वह अपनी भाभी के साथ चेकअप करवाने पीएचसी पहुंची। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ मुकेश ने चेक करने के लिए पहले वार्ड में जाने को कहा। वार्ड में जाने पर डॉक्टर ने गर्भ चेक करने के बहाने पेट और गुप्तांगों पर हाथ फेरना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो पास में खड़ी उसकी भाभी भी आ गई। डॉक्टर ने उसे भी धक्का देकर नाराज होकर चला गया। पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर बेकरिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पीड़ित महिला नौ महीनें की गर्भवती है। वहीं इस मामले पर मालवा का चौराहा के पीएचसी प्रभारी डॉ मुकेश का कहना है कि गर्भवती महिला जांच के लिए अस्पताल आई थी। उन्होंने एक मेल नर्स सहित स्टाफ के दो जनों की मौजूदगी में चेकअप किया। इस दौरान उन्होंने टाइम पूरा होने पर डिलीवरी के लिए भर्ती होने की सलाह दी तो महिला भड़क गई। महिला उसी दिन डिलीवरी करवाना चाह रही थी। बहस के बाद मैंने डांट कर 1-2 दिन बाद हीं अस्पताल में आने के लिए कहा। छेड़छाड़ जैसा कोई मामला नहीं है। महिला झूठे आरोप लगा रही है। बेकरिया थानाधिकारी शंकर सिंह राव ने बताया कि रिपोर्ट पर पुलिस जांच करते हुए सारे पहलुओं पर बयान दर्ज कर रही हैं। चेकअप के वक्त महिला नर्स और एक पुरुष स्टाफ भी मौजूद था। उन्होंने भी गर्भवती महिला द्वारा बहस करने की बात कही है।