प्रदेश विधानसभा की धरियावद और वल्लभनगर सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया।

 इन दोनों सीटों के उपचुनाव के लिए बनी मैनेजमेंट कमेटियों के नेताओं की बैठक में इन सीटों पर जिताऊ उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने उपस्थित सभी नेताओं से अपने स्तर पर फीडबैक लेकर संभावित उम्मीदवारों के नाम देने के लिए कहा है।

इसके साथ ही दोनों सीटों पर चुनावी अभियान चलाने और स्थानीय स्तर पर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। बैठक में यह भी तय किया गया कि हाल ही में प्रदेश में 3 सीटों पर हुए उपचुनाव के मॉडल पर ही इस बार का चुनावी अभियान चलाया जाए। वही ग्राउंड पर वोटर्स तक ज्यादा से ज्यादा पहुंचकर फोकस करने की रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।  आपको बता दें कि दोनों सीटों पर चुनाव मैनेजमेंट के लिए 7--7 नेताओं की कमेटियां बनाई गई है। दोनों सीटों पर कुल 14 कांग्रेस नेता चुनाव मैनेजमेंट कमेटी में है। इस दिशा में गुरुवार को हुई पहली बैठक में 14 में से 6 नेता नदारद रहे। इनमें मंत्री प्रमोद जैन भाया, उदयलाल आंजना, विधायक रामलाल मीणा, गणेश घोघरा, सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा और कांग्रेस नेता लाखन मीणा बैठक में नहीं आए।


भाजपा पर बोला हमला:--



बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुए प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही महंगाई का सबसे बड़ा कारण है
 उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आमजन के भारी विरोध के बावजूद पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जिससे महंगाई आसमान पर पहुंच गई दूसरी ओर परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने भगवान राम को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है भारतीय जनता पार्टी एक तरफ तो राम के नाम का आसरा लेकर राजनीति में बनी हुई है दूसरी ओर राम के ही नाम को इस तरह से बदनाम किया जा रहा है उन्होंने कहा कि इस चुनाव के दौरान कांग्रेस भाजपा की इस दोहरी नीति को लेकर आम जनता के बीच जाएगी।


ब्यूरो रिपोर्ट।