ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान प्रदेश में पहली बार मेवाड़ अंचल में हवाई पर्यटन शुरू किया जाएगा। राजसमंद जिले के कलेक्टर अरविंद पोसवाल की ओर से शुरू की गई इस कवायद के तहत उदयपुर से नाथद्वारा और कुंभलगढ़ को हवाई पर्यटन से जोड़ा जाएगा। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है और 22 अगस्त से यह सेवा शुरू हो जाएगी। देसी विदेशी पर्यटकों को लुभाने की दिशा में शुरू किए गए हवाई पर्यटन में स्काईलाइन सर्विसेज की मदद से 4 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी। तीनों जगह की बुकिंग पर एक व्यक्ति का एक तरफ का किराया 3 से ₹4000 के बीच होगा। यह सुविधा उदयपुर से नाथद्वारा कुंभलगढ़ और वहां से वापस नाथद्वारा होते हुए उदयपुर तक होगी। यदि आपको उदयपुर से नाथद्वारा होते हुए कुंभलगढ़ जाना हो तो नाथद्वारा में दर्शन करने के लिए 2 से 3 घंटे का समय मिलेगा। इसके बाद जब हेलीकॉप्टर दूसरे चक्कर में आएगा तो आप उसी में कुंभलगढ़ के लिए रवाना हो सकते हैं।  पर्यटक अपनी सुविधा के हिसाब से एक तरफ, दोनों तरफ का, या एक ही जगह का टिकट ले सकते हैं। तीनों सुविधाओं के लिए किराया अलग अलग होगा। आपको बताते हैं कि झीलों की नगरी उदयपुर से नाथद्वारा या फिर कुंभलगढ़ के लिए सड़क मार्ग से ही रास्ता है लेकिन इसमें भी कुंभलगढ़ जाने के लिए सड़क मार्ग ठीक नहीं है. उदयपुर से कुंभलगढ़ जाने के लिए लगभग डेढ़ घंटे का समय लगता है। इसके चलते खासतौर से बाहर से आने वाले पर्यटकों को  ज्यादा परेशान होना पड़ता है। हवाई सेवा के जरिए उदयपुर से कुंभलगढ़ जाने में सिर्फ 28 मिनट लगेंगे जबकि नाथद्वारा सड़क मार्ग से 45 मिनट की जगह हवाई यात्रा के जरिए महज 20 मिनट में पहुंच जाएंगे। राजसमंद जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल के अनुसार हवाई सेवा की तैयारी काफी समय पहले ही कर ली गई थी लेकिन कोरोना के चलते इसे रोक दिया गया था। अब 22 अगस्त से इसकी शुरुआत की जा रही है।