ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान विश्वविद्यालय के संघटक कॉलेजों में ग्रेजुएशन कोर्सेज के लिए एडमिशन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। प्रवेश के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन 19 अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया की पहली कट ऑफ लिस्ट 25 अगस्त को जारी होगी। आवेदन का शुल्क ₹100 निर्धारित किया गया है। ऐसा पहली बार होगा जब प्रवेश के दौरान दसवीं की अंक तालिका की भी जरूरत पड़ेगी। 2 छात्रों के 12वीं कक्षा में अंक समान होने पर दसवीं की अंक तालिका में मिली वरीयता के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा।
इसीलिए दसवीं की मार्कशीट भी ऑनलाइन ही जमा करानी होगी। आपको बता दें कि राजस्थान विश्वविद्यालय के संघटक कॉलेजों में महाराजा, महारानी, कॉमर्स कॉलेज और राजस्थान कॉलेज में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, और बीसीए के अलावा अन्य विभागों में सर्टिफिकेट और डिप्लोमा सहित अन्य कोर्स को मिलाकर लगभग 7000 सीटें हैं। विश्वविद्यालय के कन्वीनर प्रोफेसर एस एल शर्मा के अनुसार कुलपति प्रोफेसर राजीव जैन की ओर से जारी किया गया प्रोस्पेक्टस आरयू की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
हर छात्र को आवेदन के साथ आधार कार्ड नंबर, मोबाइल और ईमेल आईडी सहित कई वांछित जानकारी सबमिट करनी होगी। आपको बता दें कि इस बार सीबीएसई और आरबीएसई बोर्ड की ओर से बारहवीं कक्षा के जारी किए गए परिणाम में 95% से भी ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों का प्रतिशत पिछले कई सालों की तुलना में ज्यादा रहा है। इसी के चलते कॉलेजों में प्रवेश के लिए बहुत ही टफ कंपटीशन रहेगा।




0 टिप्पणियाँ