देशभर में एक दिन पहले चले वैक्सीनेशन के मेगा ड्राइव के बाद अब राजस्थान में इसकी तैयारी चल रही है। जयपुर समेत प्रदेश के सभी 33 जिलों में आज बड़ी संख्या में लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए हर सेंटर पर तैयारी की गई है। वैक्सीन की डोज भी सेंटर्स पर उपलब्ध करवा दी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में कुल 12 लाख 4,850 डोज मिली है। इसमें 11 लाख 8,910 डोज कोविशील्ड की, जबकि 95,940 डोज कोवैक्सीन की है। इसके अलावा आज भी 4 लाख डोज और प्रदेश को मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक वैक्सीनेशन सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा, जो दोपहर तक चलेगा। खास बात ये है कि इस बार सभी सेंटर पर सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा डोज भिजवाई है, ताकि सेंटर पर आने वाले हर व्यक्ति को वैक्सीन लग सके। सूत्रों की मानें तो प्रदेश में फिलहाल 13.50 लाख डोज का स्टॉक बचा है, जिसे आज ही लगाकर खत्म करने का लक्ष्य है।
जयपुर CMHO डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि जयपुर में लगभग 80 हजार डोज अलॉट की है और यह जयपुर जिले में 250 से ज्यादा सेंटर्स पर लगाई जाएगी। शर्मा ने बताया कि अब वैक्सीन सेंटर पर लोगों की भीड़ भी कम होने लगी है, क्योंकि जैसे-जैसे लोगों को वैक्सीन लग रही है वैसे-वैसे भीड़ भी कम होती जा रही है।
12 लाख डोज लगी थी एक दिन में
जयपुर में इससे पहले सबसे ज्यादा डोज लगने का रिकॉर्ड 25 जून को बना था। 25 जून को एक दिन करीब 12 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई थी। पिछले 4 दिन की स्थिति देखे तो राज्य में 22.50 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। देश में शुक्रवार को एक दिन में एक करोड़ डोज लगने का रिकॉर्ड बना था, जिसमें उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा एक दिन में 29.62 लाख लोगों को वैक्सीन लगी थी।
3.22 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन
राजस्थान में वैक्सीनेशन की स्थिति देखे तो अब तक 3 करोड़ 22 लाख 72 हजार से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है। इन्हीं में से 1 करोड़ 3 लाख लोग ऐसे है, जिनका वैक्सीनेशन पूरा हो चुका है। राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां 12 लाख लोगों का यहां वैक्सीनेशन पूरा हो गया है।


0 टिप्पणियाँ