सवाई माधोपुर जिले में विगत 6 दिनों में हुई भारी बारिश के चलते जहाँ जिले के नदी नाले उफान पर वहीं बांधो में लगातार पानी की आवक बनी हुई है । जिसके चलते जिले के 10 बांध ओवरफ्लो हो गए और इन सभी 10 बांधो पर चादर चल रही है ।

 जिले में हुई भारी बारिश से टोंक चिरगांव नेशनल हाइवे 552 स्थित 31 फिट भराव क्षमता वाला मानसरोवर बांध लबालब हो गया और बांध की चादर चलने से बांध की वेस्टवेयर के एक हिस्से की दिवार क्षतिग्रस्त हो गई । बांध की दीवार क्षतिग्रस्त होने और दीवार के निचले हिस्से में भारी कटाव होने से आस पास के गाँवो के ग्रामीणों एंव सिंचाई विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया । 

बांध के टूटने की आशंका के मध्यनजर विभागीय अधिकारी आनन फानन में मौके पर पहुंचे और सैंकड़ो ग्रामीणों की मदद से बांध की क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया । वेस्टवेयर के क्षतिग्रस्त हिस्से में बजरी एंव मिट्टी के कट्टे लगाए गए और पानी का रिसाव रोका गया है ।

 लेकिन अभी भी बांध पर करीब 3 इंच की चादर चल रही है ऐसे में अगर बारिश होती है और बांध में पानी की आवक बढ़ती है तो बांध की दीवार टूटने का खतरा बढ़ सकता है , ऐसे में निचले इलाकों में भारी तबाही हो सकती है । फिलहाल विभागीय अधिकारी ग्रामीणों के सहियोग से बांध की दीवार की मरम्मत में लगे हुये है ।

सवाईमाधोपुर से हेमेंद्र शर्मा,