ब्यूरो रिपोर्ट।

प्रदेश के 6 जिलों में गुरुवार शाम जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव की आचार संहिता लगते ही कई विभागों में खलबली मच गई। सरकार की ओर से यूं तो 15 अगस्त तक तबादलों पर रोक हटा दी गई है लेकिन आचार संहिता लगते ही कई विभागों के आला अफसर हरकत में आए और आनन-फानन में 6 अगस्त की देर शाम तक बैकडेट मे तबादला सूचियां जारी होती रही। इनमें से 60 आरपीएस ऑफिसर' 115 तहसीलदार और नायब तहसीलदार के साथ ही 1098 शिक्षा विभाग के कर्मचारी शामिल है। शिक्षा विभाग में पदोन्नतियों के बाद 12 संयुक्त निदेशक, 36 उपनिदेशक और जिला शिक्षा अधिकारियों को भी पोस्टिंग दे दी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय में 87 कार्यक्रम अधिकारी, सीबईओ कार्यालय में 21संदर्भ व्यक्ति डेपुटेशन पर लगाए गए हैं। इसी तरह से मॉडल स्कूलों में 20 प्रिंसिपल, 284 वरिष्ठ अध्यापक, लगभग 100 लैब टेक्नीशियन, अट्ठारह लाइब्रेरियन, 136 तृतीय श्रेणी के शिक्षक और 131 वरिष्ठ सहायक भी डेपुटेशन पर लगाए गए हैं। रेवेन्यू बोर्ड के रजिस्ट्रार बीएल मीना के अनुसार जयपुर जिले में रमेश चंद्र जाटव को आमेर तहसील, गुरु प्रसाद तंवर को सब रजिस्ट्रार और  नितीश कांत को कोटखावदा में लगाया गया है। आपको बता दें कि चुनाव वाले जिलों में दूसरे जिलों से तहसीलदार और नायब तहसीलदार को लगाया गया है।