झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत की रिपोर्ट

झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड व असनावर कस्बे दो दिन पहले अतिवृष्टि के चलते बने बाढ़ के हालातों के बाद आज जिला कलेक्टर हरिमोहन मीणा ने खानपुर उपखंड के विभिन्न गांवों व कस्बों का दौरा किया व बाढ अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों से मिलकर उनके नुकसान का जायजा लिया तो साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों से भी फसल खराबे की जानकारी ली।अपने दौरे के दौरान डीएम हरिमोहन मीना ने उपखण्ड कार्यालय खानपुर के सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एक बैठक भी ली जिसमे खानपुर उपखण्ड क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को राहत पंहुचाने के निर्देश दिए,

इस दौरान उन्होंने अतिवृष्टि के समय रूपली नदी के पानी को खानपुर कस्बे से बाहर निकालने के लिए लिंक केनाल के रूप में स्थाई समाधान के लिए प्रारंभिक सर्वे कर 15 दिवस में रिर्पोट उपलब्ध कराने के निर्देश जलसंसाधन विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को दिए,तो वहीं खानपुर उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार को रूपली नदी के बहाव क्षेत्र का राजस्व रिकार्ड से मिलान कर अतिक्रमणों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने अपने दौरे मे शहरी क्षेत्र में निकायों के अधिशासी अधिकारी व ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारी व सरपंचों को अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का सर्वे कराकर रिर्पोट जिला कलक्टर कार्यालय में भिजवाने के निर्देश दिए गए है ताकि प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भिजवाया जा सके।

उन्होंने बताया कि बरसात से ज्यादा नुकसान दहीखेडा, पनवाड एवं खानपुर में हुआ है, इसका सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है, आगामी एक सप्ताह में सर्वे कराकर किसानों के सर्वे की राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजेंगे और बाकी की सहायता जिला स्तर से जारी की जाएगी, तो वहीं इस दौरान खानपुर विधायक नरेन्द्र नागर ने भी अतिवृष्टि के दौरान हुए नुकसान का मुख्य कारण भारी बारिश के साथ निर्माण कार्यों में तकनीकी खामियां व अतिक्रमण को बताया ।