झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।

झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में गत 5 अगस्त को आपसी लेनदेन के मामले को लेकर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने दो व्यापारी भाइयों कमल जैन व प्रमोद जैन पर लाठी, सरिया व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में दोनों व्यापारी भाई घायल हो गए थे। पीड़ितों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें गंगधार थाना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई और चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गंगधार थानाधिकारी संजय मीणा ने बताया कि चोमहला कस्बा निवासी व्यापारी प्रमोद जैन का दशरथ सिंह निवासी मक्सी (उन्हेल) से पैसों का लेनदेन था। जिसे समय पर नहीं चुका पाने के मामले से नाराज दशरथ सिंह ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर प्रदीप जैन पर उसके घर में घुसकर धारदार हथियारों, लाठियों और सरियों से हमला कर दिया था। बीच-बचाव के दौरान उसका भाई कमल जैन भी गंभीर घायल हो गया था। पीड़ितों की रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जिस में सफलता प्राप्त करते हुए गंगधार पुलिस ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी दशरथ सिंह सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।