देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप अभी पूरी तरह से थमा नहीं है कि इसी बीच शोधकर्ताओं की एक रिसर्च रिपोर्ट ने गंभीर चिंता की आशंकाओं को जन्म दे दिया है। रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक देश में इस महामारी की तीसरी लहर की शुरुआत अगस्त के अंत तक होने की उम्मीद है, वहीं इसका पीक अक्टूबर महीने के दौरान होने की संभावना जताई गई है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पीक के दौरान देश में रोजाना इस महामारी के एक से डेढ़ लाख के बीच नए मामले सामने आ सकते हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि वायरस को घातक होने से रोकने की दिशा में वैक्सीनेशन की रफ्तार को तेजी से बढ़ाना होगा। भारत में अब तक लगभग 47 करोड़ लोगों को टीका लगाया गया है। इनमें से 36 करोड़ 81 लाख लोगों को सिर्फ टीके की पहली डोज मिली है,
वही दोनों डोज लेने वाले अब तक 10 करोड 39 लाख लोग ही हैं। यह रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र ने भी माना है कि देश के 10 राज्यों में संक्रमण फिर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्र ने 10% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट वाले जिलों में फिर से सख्त प्रतिबंध लगाने की जरूरत बताई है। इसके साथ ही इन राज्यों में 60 + और 45 से 60 आयु वर्ग के लोगों में कोविड टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट।


0 टिप्पणियाँ