हमारे समाज में नैतिकता के क्षेत्र में कितनी गिरावट आई है इसका एक स्पष्ट उदाहरण राजधानी जयपुर के कोटपूतली क्षेत्र में सामने आया है। कोटपूतली के नाहरहेड़ा क्षेत्र में स्थित राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में पिछले सत्र के दौरान 11वीं कक्षा के छात्र को अध्यापक ने बार-बार चेतावनी देने के बाद भी व्यवहार नहीं सुधारने पर उसे स्कूल से निष्कासित कर दिया था।
स्कूल के व्याख्याता नटवर सिंह यादव ने छात्र की बदमाश प्रवृत्ति को देखते हुए उसे स्कूल से निष्कासित किया था। इसका बदला छात्र ने गुरुवार को लिया। उसने अपने एक अन्य सहयोगी के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर 2:00 बजे बाइक से अपने घर कायमपुरा बांस की ओर जा रहे नटवर सिंह यादव की बाइक रुकवा कर देसी कट्टे से गोली मार दी। गोली लगने से घायल हुए नटवर सिंह यादव को जयपुर के एसएमएस में भर्ती कराया गया है। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शंकर दत्त शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार कस्बां के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपियों की तलाश की तो उनके हरियाणा क्षेत्र के धन वास गांव में होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस के 50 जवानों ने खेत की घेराबंदी कर उसमें छुपे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने निरुध्द किया है। दोनों नाबालिग है, इनकी आयु 17 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट।


0 टिप्पणियाँ