राजस्थान के 6 जिलों में पंचायत चुनाव 26 अगस्त से शुरू होने वाले हैं। 3 चरण में होने वाले इन चुनावों में इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर के प्रमुख सरकारी हॉस्पिटलों में जांच और ब्लड बैंकों में नियुक्त करीब 200 से ज्यादा लैब टेक्नीशियनों की ड्यूटी लगा दी है। इससे अब इन अस्पतालों में अगले कुछ दिनों तक जांचे और ब्लड बैंक की सेवाएं प्रभावित हो सकती है।
जयपुर के सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में लगे 8 में से 6 कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावों में लगा दी। इसी तरह सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) के न्यूरोलॉजी सेक्शन (बांगड़) में बनी लैब जिसमें जीवीएस जैसी महत्वपूर्ण जांचे होती हैं। उस जांच को करने वाले 6 कर्मचारियों और इन सभी की ड्यूटी चुनावों में लगा दी है। ये कर्मचारी राउंड दि क्लॉक 24 घंटे लैब में जांच करने का काम करते हैं। इसी तरह जेके लोन हॉस्पिटल में भी न्यूरॉलोजी संबंधि जांच करवाने टैक्नीशियनों की डयूटी चुनाव में लगने के कारण यहां भी कई तरह की जांचों का काम प्रभावित हो सकता है।
450 से ज्यादा लैब टैक्नीशियन है
जानकारी के मुताबिक जयपुर शहर में प्रमुख सरकारी हॉस्पिटलों और डिस्पेंसरी में करीब 450 से ज्यादा लैब टैक्नीशियन है, जिनमें से 50 फीसदी स्टाफ की डयूटी चुनावों में लगा दी। ऐसे में सवाई मानसिंह अस्पताल, जेके लोन, जनाना चिकित्सालय चांदपोल, महिला चिकित्सालय सांगानेरी गेट समेत कई हॉस्पिटलों की लैब में जांच करने और ब्लड बैंकों में काम प्रभावित हो सकता है। मौसम बीमारी बढ़ने के बाद से हॉस्पिटलों में वैसे ही सामान्य से 200 फीसदी ज्यादा मरीज इन दिनों आ रहे है।
शासन सचिव ने आयोग को लिखा पत्र
तत्कालीन मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता ने एक आदेश जारी करके लैब टैक्नीशियनों और चिकित्सा सेवा में लगे सपोर्ट स्टाफ को चुनाव डयूटी से मुक्त रखने के आदेश जारी किए थे। इसके अलावा चिकित्सा विभाग के सचिव सिद्धार्थ महाजन ने भी पिछले दिनों राज्य निर्वाचन आयोग को एक पत्र लिखकर चिकित्सा विभाग में जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को चुनाव डयूटी से मुक्त रखने की मांग की है, ताकि कोरोना महामारी काल और मौसमी बीमारियों में हॉस्पिटल आ रही जनता को किसी तरह की परेशान न हो।


0 टिप्पणियाँ