कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम।

ये संदेश झाड़ियों के बीच छिपकर अवैध तरीके से शराब बेच रहे लोगों के लिए...ऊपर वाला सब देख रहा है। जब देश में ड्रोन के लिए नए कानून बनाने की बात हो रही है, उस वक्त आबकारी विभाग ने अवैध शराब के अड्‌डे तलाशने के लिए इसी ड्रोन को अपना “भगवान” बना लिया है। शहर से सटे ठीकरिया औद्योगिक क्षेत्र में आबकारी विभाग ने ड्राेन उड़ाकर अवैध रूप से शराब बेचने वालों की तलाश की।

अफसरों को जब यकीन हो गया कि अवैध शराब पेड़-पौधों के बीच गुमटिया बनाकर बेची जा रही है, उसी वक्त दबिश देकर अपराधियों को पकड़ लिया। आबकारी पुलिस को देखकर इन लोगों ने भागने की कोशिश भी की। मौके से लीला नाम की एक महिला के कब्जे से अवैध शराब बरामद हाेने पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लिया गया।

आबकारी अधिकारी प्रकाशचंद्र रैगर ने बताया कि कई बार चार दीवारी किए गए खाली भूखंड और झाड़ियाें की आड़ में अवैध रूप से शराब बेची जाती है, लेकिन बाहर से यह नजर नहीं आते हैं। ऐसे में ऐसे ठिकानों का ऊपर से ड्राेन उड़ाकर पता लगाने में काफी आसानी रहती है। ठीकरिया में औद्योगिक क्षेत्र में इसी तरह नहर किनारे पर अवैध तरीके से शराब बेचने की जानकारी मिली थी।

जिस पर आबकारी निरीक्षक प्रेम नारायण शर्मा, प्रहाराधिकारी आबकारी निराेधक दल मंगलाराम के साथ टीम लेकर माैके पर पहुंचे और ड्राेन फ्लाइंग कर आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। ड्राेन में गुमटियां और झाड़ियाें के आसपास कुछ लाेगाें की मूवमेंट दिखी। भनक लगते ही इकट्ठा शराबियाें में अफरा-तफरी मच गई। इस पर बिना किसी देरी के टीम भेजकर दबिश दी।

हम जब भी गए तो कोई नहीं दिखा, देश में अभी ड्रोन की चर्चा है इसलिए इसका इस्तेमाल किया और कामयाब हो गए : रैगर

लंबे समय से शिकायतें आ रही थी कि झाड़ियों के बीच गुमटियां बनाकर अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। हम जब भी कार्रवाई के लिए मौके पर जाते तो कोई नहीं मिलता। कई बार तो ऐसा हुआ कि मौके पर गुमटियां ही नहीं मिलती थी। इलाके में झाझड़ियां ज्यादा होने की वजह से यही पता नहीं चलता था कि कहां पर लोग शराब के लिए इकट्‌ठा है। इन दिनों देश में ड्रोन तकनीक की बात हो रही है।

इसलिए हमनें भी सोचा कि अवैध शराब के अड्‌डों को झाड़ियों से बाहर निकालने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाए। इसलिए हमने ड्रोन उड़ाया और हम कामयाब हो गए। हमें वह जगह मिल गई, जहां सबसे ज्यादा लोग इकट्‌ठा थे। ड्रोन में साफ दिख रहा था कि गुमटी में अवैध शराब बेची जा रही है।

जैसे ही हम पुलिस लेकर दबिश देने पहुंचे तो लोग वहां से भागने लगे। हमने एक महिला को पकड़ा है। यह हमारा पहला प्रयास था। आगे भी अवैध शराब के अड्‌डों को तलाशने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करेंगे। (जैसा कि जिला आबकारी अधिकारी प्रकाशचंद रैगर ने भास्कर को बताया।)

(दैनिक भास्कर से साभार)