धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट

धौलपुर जिले सहित हाडौती क्षेत्र में हो रही बारिश से चम्बल नदी में लगातार जल स्तर बढ़ रहा हैं.धौलपुर जिले से गुजर रही चम्बल नदी खतरे के 130.79 मीटर से ऊपर 139 मीटर पर बह रही हैं.तो वही पार्वती नदी भी अपना रौद्र रूप दिखा रही हैं.चंबल का जलस्तर लगातार बढ़ने से राजाखेड़ा उपखंड के करीब आधा दर्जन से अधिक तटवर्ती इलाकों का उपखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है.साथ ही सरमथुरा उपखण्ड की ग्राम पंचायत झिरी के गांव शंकरपुर में शंकरपुरा-झिरी मार्ग पर चम्बल का पानी करीब पांच फ़ीट पहुंच जाने से हल्लू का पुरा,हरगोविंद का पुरा,बनावटी,भगत का पुरा और जारौली गांव का संपर्क कट गया हैं और झिरी ग्राम पंचायत में पानी आने के बाद ग्राम पंचायत द्वारा लोगो को ऊंचे स्थानों पर भेजा जा रहा हैं.


ग्रामीण जान जोखिम में डालकर लकड़ी की नाव से आवागमन कर रहे हैं.जहां प्रशासन के इंतजाम नाकाफी साबित होते नजर आ रहे हैं.

चंबल का जलस्तर बढ़ने से राजाखेड़ा उपखंड के करीब आधा दर्जन से अधिक चंबल तटवर्ती गांव का उपखंड मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह से कट गया है.राजाखेड़ा उपखंड के गांव गढ़ी जाफ़र,दगरा-बरसला,खोड़,हेतसिंह का पुरा,तालपुरा आदि गांव का उपखण्ड मुख्यालय से पूरी तरह से सम्पर्क कट चुका है.उपखण्ड मुख्यालय के गांव अंधियारी की रपट पर करीब 8 से 10 फीट पानी की आवक हो चुकी है.प्रचंड वेग से बढ़ते चम्बल के पानी की आवक को देखते हुए दिहोली थाना क्षेत्र के करीब दर्जन भर गांव में भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.

चंबल का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं लेकिन ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन के इंतजाम नाकाफी साबित दिखाई दिए.ग्रामीण लोग लकड़ी की नाव में अपनी जान जोखिम में डालकर चम्बल के बाढ़ के पानी में आवागमन करते हुए पाए गए. लगातार बढ़ते जा रहे चंबल के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांव के लोगों को चंबल के पानी से दूर रहने की हिदायत दी है.प्रशासन ने बाढ़ के पानी से प्रभावित होने वाले गांव के सरकारी विद्यालय में रखें रिकॉर्ड और पाठ्य पुस्तकों को भी शीघ्र से शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.पार्वती नदी के उफान के चलते सरमथुरा उप में पार्वती नदी की खुर्दिया रपट क्षतिग्रस्त होने से बसेड़ी-नादनपुर-सरमथुरा मार्ग पर आवागमन बंद हो चुका हैं.