ब्यूरो रिपोर्ट।

प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को सितंबर अक्टूबर महीने के आने वाले बिल में फ्यूल सरचार्ज का तगड़ा करंट लगेगा। बिजली का उपयोग करने वाले हर उपभोक्ता को अब 16 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त राशि का भुगतान करना होगा। यह राशि सितंबर- अक्टूबर महीने के बिल में जुड़ कर आएगी। दोनों महीने में 8-- 8 पैसे प्रति यूनिट जुड़ेंगे। डिस्कॉम ने शुक्रवार को इसके आदेश जारी कर दिए। बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं से लगभग 225 करोड रुपए वसूलेगी। खास बात ये है कि यह राशि जनवरी से मार्च तक उपभोग की गई  बिजली यूनिट के अनुसार जुड़ेगी। आपको बता दें कि गहलोत सरकार में डिस्कॉम कंपनियां फ्यूल सरचार्ज के रूप में अब तक उपभोक्ताओं पर 42 पैसे प्रति यूनिट का भार डाल चुकी है। प्रदेश में लगभग एक करोड़ 52 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 13 लाख कृषि, 16 लाख बीपीएल श्रेणी से और छोटे घरेलू कनेक्शन धारी यानी 50 यूनिट से भी कम खपत वाले 41 लाख उपभोक्ता है। इन उपभोक्ताओं के फ्यूल सरचार्ज की राशि सरकार वहन करेगी क्योंकि इनको दी जा रही सब्सिडी का भार भी सरकार ही उठा रही है। हालांकि अप्रत्यक्ष रूप से इसका भार भी आम उपभोक्ता पर पड़ेगा।