ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में पुलिस भर्ती के लिए इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। हाल ही में 5438 पदों के लिए कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर चुकी सरकार अब 4438 पदों के लिए कांस्टेबल की भर्ती और करेगी। इसके लिए वित्त विभाग की ओर से पुलिस मुख्यालय को अनुमति मिल गई है। इसके बाद पीएचक्यू भर्ती सेल कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की कवायद में जुट गया है। माना ये जा रहा है कि सितंबर महीने के दौरान भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे जाएंगे। यह भर्ती भी पहले हुई भर्ती के पैटर्न पर की जाएगी। इसके लिए परीक्षा भी ऑफलाइन होगी। परीक्षा चार से छह पारियों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी एडीजी बिनीता ठाकुर और एसपी ममता गुप्ता को सौंपी गई है। इनके नेतृत्व में ही पिछली भर्ती संपन्न हुई थी। आपको बता दें कि पुलिस मुख्यालय की ओर से हाल ही में 5438 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस भर्ती में से चार हजार से ज्यादा कांस्टेबल को विभिन्न जिलों में नियुक्ति भी दे दी गई है, बाकी के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के साथ ही अन्य प्रक्रिया चल रही है। नई भर्ती में से भी सबसे ज्यादा पद जयपुर कमिश्नरेट में भरे जाएंगे। पिछली भर्ती के दौरान 5438 पदों के लिए लगभग 14 लाख से भी ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।


0 टिप्पणियाँ