2 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशासन शहरों के संग अभियान में अब सफेद कागज के बजाय रंगीन कागज के पट्टे मिलेंगे। इन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का फोटो भी लगेगा। नगरीय विकास विभाग ने इसका प्रारूप तैयार कर लिया है, बस अब औपचारिक मुहर लगना बाकी है।
नए प्रारूप के अनुसार राज्य में प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान मकान और जमीनों के जारी होने वाले जमीनी दस्तावेजों में एक तरफ मुख्यमंत्री गहलोत और दूसरी तरफ भूखंड धारी का फोटो होगा। आपको बता दें कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान पट्टों पर तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का फोटो और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष का लोगो लगाने पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा मचाया था। इसे कानून के विरुद्ध होने का हवाला देते हुए कोर्ट में चुनौती देने तक की बात कही थी।
अब राज्य सरकार प्रशासन शहरों के संग अभियान के जरिए लगभग 10 लाख पट्टे बाटेंगी। इनके जरिए 5000 करोड़ रुपए का राजस्व कमाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहली बार लोगों को रंगीन पट्टे जारी किए जाएंगे। भूमि उपयोग के अनुसार 6 तरह के पट्टे बनाए जा रहे हैं, ये अलग-अलग रंग में होंगे। इनमें आवासीय, व्यवसायिक, मिश्रित, औद्योगिक, संस्थागत और धारा 69-ए में शामिल संपत्तियों के पट्टे दिए जाएंगे। इस बारे में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल का कहना है कि पट्टे पर प्रतीक के रूप में मुख्यमंत्री का फोटो लगाया जा सकता है। अभी इस पर मंथन जारी है, अंतिम निर्णय होना बाकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट।



0 टिप्पणियाँ