चित्तौड़गढ़ में प्रतिवर्ष गुणवत्ता वाली सड़कों के नाम पर आमजन के खरी कमाई के लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं लेकिन बरसात के मौसम में इन गुणवत्ता वाली सड़कों की पोल गड्ढों के रूप में खुल कर सामने आ जाती है जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण इन दिनों मुख्यालय पर देखने को मिल रहा है जिसमें कुछ ही घंटों की बरसात में कुछ महीनो पूर्व बनी डामर युक्त सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई है,
जिसके कारण आमजन को जहां दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ रहा है वही जिम्मेदार अधिकारी और संबंधित ठेकेदार जनता की गाढ़ी कमाई का महत्वपूर्ण हिस्सा अपनी जेबों में भर चुके होते हैं। चित्तौड़गढ़ में अभी मानसून की बरसात का कुछ घंटों का दौर ही हुआ है,ऐसे में शहरी क्षेत्र के प्रताप नगर पन्ना होटल और राजकीय चिकित्सालय के बाहर सहित कई अन्य क्षेत्रों में कुछ महीनों पूर्व बनी डामर युक्त सड़कों का डामर पानी में बह गया और उसका स्थान गहरे गड्ढों ने ले लिया,जिसमें यह कहना उचित होगा कि गड्ढों में बनी सड़क अब आमजन के लिए परेशानियां लेकर आ रही है।
जिसमें बूंदाबांदी के बाद उन गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चार पहिया वाहन धारियों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहे है,वही कुछ दिनों पूर्व नगर परिषद की ओर से इन गड्ढों को भरने के लिए पीली मिट्टी डाली गई थी लेकिन रिमझिम फुहारों से वह मिट्टी भी पानी के साथ बहकर चली गई और एक बार फिर से सड़कों पर गहरे गड्ढे दिखाई देने लगे हैं।गौरतलब है कि लाखों रुपए की लागत से प्रतिवर्ष बनने वाली सडके कहने को गुणवत्ता वाली सड़कें एक की बारिश में गड्ढों का रूप ले लेती है,और बिना किसी गुणवत्ता को जांचे- परखे नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारियों की ओर से संबंधित ठेकेदार को लाखों रुपए का भुगतान भी कर दिया जाता है,और कुछ चुनिंदा पार्षदो और छुट भईया नेताओं द्वारा चुनावी राजनीति की वाहवाही भी लूट ली जाती है,
इसके साथ ही ठेकेदार की ओर से मिलने वाले अच्छे खासे मोटे कमीशन बंदरबांट के रूप में सभी तक पहुंच जाता है,जिसके कारण किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़े पार्षद और अन्य लोग भी इनके खिलाफ आवाज तक नहीं उठाते हैं क्योंकि सभी की होठों पर कमीशन का ताला जो लगा है और कष्ट सहने के लिए तो आमजनता ही है जो चुपचाप जुबान बंद करके सब कुछ सहन भी कर रही है, अब आने वाला वक्त ही बताएगा कि आमजन अपने निजी हितों की रक्षा के लिए कब आवाज उठाता है।
चित्तौडग़ढ़ से गोपाल चतुर्वेदी की रिपोर्ट,




0 टिप्पणियाँ