चूरू से नरेश की रिपोर्ट।
चूरू की रतननगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 10 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। अपने महंगे नशे के शौक को पूरा करने के लिये 19 से 21 साल उम्र के इन 3 युवकों ने गिरोह बनाया और शेखावाटी क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। पिछले 3 महीनों में आरोपियों ने दर्जनों बाइक चोरी की है, जिनमे से रतननगर पुलिस ने 10 बाइक बरामद की है। थानाधिकारी सुरेंद्र राणा ने बताया कि रतननगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अचानक बाइक चोरी की वारदातें बढ़ने लगी थी। आरोपियों ने रतननगर में 10 दिनों के भीतर ही 4 बाइक चोरी कर ली। जिसके बाद रतननगर पुलिस ने इसे चुनौती मानते हुए टीमें गठित की। पुलिस ने आसूचना एकत्रित की और कस्बे में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी मोहित उर्फ मोगली, हर्ष व चमन को गिरफ्तार कर लिया। थाना अधिकारी सुरेंद्र राणा ने बताया कि आरोपी इतने शातिर तरीके से बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते थे कि महज 20 सेकंड में बाइक का ताला तोड़कर बाइक चोरी कर ले जाते। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा बरामद 10 बाइक में से 4 रतननगर कस्बे की, 3 रतनगढ़, 1 जयपुर व 2 रामगढ़ की बताई जा रही है।


0 टिप्पणियाँ