ब्यूरो रिपोर्ट।
पिछले डेढ़ साल से कोरोना काल के दौरान राजस्व में भारी कमी होने का हवाला देने वाली राज्य सरकार 11 अगस्त को विधायकों के लिए बनने वाले लग्जरी फ्लैट्स के लिए 250 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायक निवास के इस प्रोजेक्ट का 11 अगस्त को शिलान्यास करेंगे। विधानसभा के पास बनने वाले मल्टीप्लेक्स में हर विधायक के लिए 3200 स्क्वायर फीट में फ्लैट का निर्माण किया जाएगा। हर फ्लैट में 4 बैडरूम होंगे, एक डायनिंग रूम होगा स्टोर के साथ एक बड़ी रसोई होगी। इसी के साथ ही एंट्री लाँबी और अटैच बाथरूम सहित एक सर्विस स्टाफ का रूम भी होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत अत्यानुधिक क्लब हाउस भी बनाया जाएगा। जिसमें 12 लग्जरी कमरों का रेस्ट हाउस होगा। मल्टीपल स्टोरी के इस प्रोजेक्ट में दो मंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। इसमें 1200 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। एक मंजिल में 600 चौपहिया वाहन की पार्किंग होगी, वहीं दूसरी मंजिल पर 600 दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इस प्रोजेक्ट में एक स्विमिंग पुल, इंडोर गेम्स ऑडिटोरियम और आउटडोर गेम की सुविधाएं भी विकसित की जाएगी। मल्टीस्टोरी के रूप में विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में हर टावर के ग्राउंड फ्लोर पर आगंतुकों के लिए लाबी एरिया के साथ ही एक बड़ा और एक छोटा मीटिंग हॉल भी बनाया जाएगा। वही हर टावर में रहने वालों के लिए दो लिफ्ट होगी। इसके अलावा एक लिफ्ट सर्विस स्टाफ के लिए अलग से होगी। आपको बता दें कि इस मल्टीपल स्टोरी प्रोजेक्ट के लिए विधानसभा के पास ज्योति नगर स्थित विधायक आवासों को खाली करा लिया गया है और 11 अगस्त के दिन इसके शिलान्यास की तैयारियां शुरू कर दी गई है। बताया गया है कि ये प्रोजेक्ट ढाई से तीन साल की अवधि में पूरा हो जाएगा।


0 टिप्पणियाँ