2 दिन तक धीमे रहने के बाद राजधानी जयपुर में शुक्रवार अलसुबह बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। सुबह 7:30 बजे के बाद से ही शहर के कई क्षेत्रों में रिमझिम बरसात का दौर शुरू हो गया। खासतौर से उत्तरी क्षेत्र में जमकर बरसात हुई। इस दौरान सड़कों पर पानी भर गया जिससे आवागमन में परेशानी हुई।
आपको बता दें कि मानसून सीजन के इस दौर में जयपुर में अब तक हुई बारिश औसत के लगभग बराबर है। पूरे जिले की रिपोर्ट देखी जाए तो यहां सामान्य बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगस्त महीने में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा। इस मानसून सीजन की 90% से भी ज्यादा बरसात अगस्त महीने के दौरान होने की संभावना है।
उधर प्रदेश के हाडोती क्षेत्र के साथ ही भरतपुर और करौली जिलों में गुरुवार को बारिश का दौर धीमा होने से कुछ राहत मिली है। हालांकि बाढ़ क्षेत्रों में अभी भी जलभराव होने के कारण वहां के निवासियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।



0 टिप्पणियाँ