उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।
उदयपुर जिले के मांडवा थाना इलाके में आपसी कहासुनी के बाद पिता की निर्मम तरीके से हत्या करने के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्रांतिराम अपने पिता की हत्या करने के बाद बिकरनी के जंगलों में छिप गया था। जहां से मांडवा थानाधिकारी उत्तम सिंह की टीम ने उसे धर दबोचा। एसपी डॉ राजीव पचार ने बताया कि मांडवा थाना क्षेत्र में 4 अगस्त को आपसी कहासुनी के चलते खेत में काम करने के दौरान शंकर लाल की उसके बेटे ने कुदाली से मारकर हत्या कर दी। आरोपी हत्या के बाद मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने अलग-अलग इलाकों में आरोपी की तलाश की। इस दौरान पुलिस ने रुजियाखुणा, छापर, बिकरनी, कागवास और आसपास के जंगलों व संभावित स्थानों पर तलाशी के लिए दबिश दी। पुलिस ने बिकरनी रोड से आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया। आरोपी क्रांतिराम से पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्याययिक अभिरक्षा में भेज दिय गया।


0 टिप्पणियाँ