अजमेर नवीन वैष्णव,
अजमेर में शर्मसार करने वाली एक और घटना सामने आई है। जिसमें एक शराबी युवक ने 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। गनीमत रही कि मासूम की मां को बच्ची नहीं दिखने पर ध्यान आ गया और पास के निर्माणाधीन मकान में पहुंच गई। जिससे वहशी दरिंदा अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। आस पड़ोसियों ने आरोपी की धुनाई कर उसे गंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।अजमेर दरगाह डीएसपी रघुवीर प्रसाद ने बताया कि एक 4 साल की बच्ची अपनी मां के साथ रक्षाबंधन पर थाना क्षेत्र स्थित ननिहाल आई थी। यहां पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने शराब के नशे में बच्ची को बहलाया और गोद में लेकर पड़ोस के निर्माणाधीन मकान में चला गया। कुछ ही देर बाद जब बच्ची की मां का ध्यान गया तो वह बाहर भागी और आस पास के लोगों की मदद से वहशी दरिंदे को दबोचकर बच्ची को उसके चंगुल से मुक्त करवाया। बाद में स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। डीएसपी रघुवीर प्रसाद ने कहा कि मामले में पोक्सो, दुष्कर्म का प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता के ननिहाल के पड़ोस में रहता था और पूर्व में वह उसके मामा के पास काम भी करता था।आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ