झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत

झालावाड़ जिला मुख्यालय सहित झालरापाटन कस्बे में पिछले लंबे समय से चल रहे पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने शहर के जलदाय विभाग कार्यालय स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया व मटकियां फोड़ कर अपना विरोध जताया, इसके बाद काफी देर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता का घेराव भी किया व जल्द से जल्द शहर में पेयजल सप्लाई को सामान्य करने की मांग की। गौरतलब है कि पिछले दिनों झालावाड़ जिले में हुई अतिवृष्टि एव बाढ़ के बने हालात के दौरान पेयजल सप्लाई के लिए आने वाली पेयजल परियोजना की लाइन टूटकर बह गई थी, इसके बाद से शहर में करीब 1 महीने से लोगों को पेयजल संकट का लोगों को सामना करना पड़ रहा है,लेकिन विभागीय अधिकारियों की लचर कार्यशैली के चलते अब तक विभाग वैकल्पिक व्यवस्था भी सुचारू नहीं कर पाया, इसी को लेकर आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी कर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और अधीक्षण अभियंता का घेराव किया, इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही यह स्थिति सामान्य नहीं की गई तो उन्हें उग्र आंदोलन पर मजबूर होना पड़ेगा,वहीं सारे मामले में जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर मे पेयजल सप्लाई के लिए छापी जल परियोजना से शहर में जलापूर्ति सुचारू करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है, जल्द ही शहर में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।