प्रदेश के सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाली जगहों पर कोरोना प्रोटोकॉल के प्रति लापरवाही अब भारी पड़ने वाली है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा दोगुना हो गया है। बुधवार को जहां प्रदेश में 18 नए मरीज सामने आए थे वही गुरुवार को नए कोरोना मरीजों की संख्या 40 पर पहुंच गई। प्रदेश में लगभग 19 दिन बाद कोरोना के सर्वाधिक मरीज सामने आए हैं।

 इससे पहले 17 जुलाई को 42 नए मरीज मिले थे। विशेषज्ञों के अनुसार संक्रमण में दोगुनी बढ़ोतरी एक बार फिर से खतरे के संकेत दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में  गाइडलाइन की सख्ती से पालना करना निहायत ही जरूरी हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान सामने आए 40 नए मरीजों में से सर्वाधिक 13 मरीज राजधानी जयपुर में मिले हैं।



 इससे पहले जयपुर में नए मरीजों का आंकड़ा पिछले कई दिनों से 5 या इसके आसपास चल रहा था। राहत की बात ये है कि पिछले कई दिनों से कोरोना के चलते किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई। हालांकि नए मामले बढ़ने के साथ प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या भी 211 से बढ़कर 231 हो गई है।

ब्यूरो रिपोर्ट।