झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत
झालावाड़ पुलिस की जिला स्पेशल टीम तथा सारोला थाना पुलिस ने सोमवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 देशी कट्टा तथा 10 जिंदा कारतूस के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। सारोला थानाधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक किरण सिद्धू के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार तस्करों व अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा। इस के तहत जिला स्पेशल टीम प्रभारी दिनेश राठौर तथा सारोला थाना पुलिस द्वारा डीएसपी राजीव परिहार के निर्देशन में सारोला थाना क्षेत्र के शिवनगर ढाणी तिराहा पर नाकेबंदी की जा रही थी। उसी दौरान एक पैदल आ रहा व्यक्ति पुलिस नाकेबंदी को देखकर पलट कर जाने लगा। जिसे संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। जिसके पास से 2 देशी कट्टे तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जप्त कर आरोपी सूरजभान रेबारी निवासी रेबारपुरा जिला बारां को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरजभान रेबारी आदतन अपराधी है, जिसे बकानी थाना पुलिस ने भी अवैध हथियारों के जखीरे के साथ पूर्व में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी के पूर्व में आनंदपाल गिरोह से भी संबंध के सबूत मिले थे। बरहाल सारोला थाना पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से क्षेत्र में जुड़े उसके हथियार तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।


0 टिप्पणियाँ