ब्यूरो रिपोर्ट।

रविवार दोपहर बाद हुई बारिश ने वीकेंड कर्फ्यू को भी एक तरह से धो दिया। राज्य सरकार ने मॉडिफाइड लॉक डाउन - 3 के लिए जारी की गई गाइडलाइन के तहत शनिवार रात 8:00 बजे से सोमवार सुबह तक वीकेंड कर्फ्यू घोषित किया था। इसमें फल, सब्जी, दूध और मेडिकल जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किएथे।

 आम जनता को भी इस दौरान घरों में ही रहने की हिदायत दी गई थी। सरकार के ये नियम कायदे रविवार को हुई बारिश के दिन धरे के धरे रह गए। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। यही नहीं भीड़ में कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां भी उड़ती नजर आई। ज्यादातर लोग बिना मास्क के नजर आए।

 शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल जल महल की पाल पर भी भीड़ का नजारा देखा गया। वहीं सड़क पर भी गाड़ियों का मजमा लगा रहा। लोग कोरोना प्रोटोकॉल की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए। उन्हें रोकने के लिए कहीं भी पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिए।