प्रदेश में पिछले एक पखवाड़े से रूठा मानसून फिर 1 सप्ताह के बाद राहत भरी बरसात कर सकता है। मानसून भले ही देर से आए लेकिन पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के खासकर पूर्वी राजस्थान में जुलाई के आखिरी 20 दिनों में जमकर बरसने की संभावना है।


 जयपुर के मौसम केंद्र की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार मानसूनी हवाएं प्रदेश का एक बार फिर से रुख करेगी। हालांकि शुक्रवार को भी अलवर, भरतपुर, झुंझुनू और पिलानी सहित कई अन्य जगहों पर हल्की बारिश हुई लेकिन मानसून की बरसात के लिए फिलहाल 1 सप्ताह का इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिन तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।



 इसके बाद 7 जुलाई से हवाओं के रुख में परिवर्तन होगा। पूर्वी हवाएं नमी लेकर आएंगी जिसके चलते 7-- 8 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना है। 10 जुलाई के बाद मानसून पूर्वी राजस्थान में सक्रिय हो सकता है जिसके चलते अच्छी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून 12 जुलाई के बाद सक्रिय होने की संभावना है।

ब्यूरो रिपोर्ट।